ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में भी तेजी का रुख

Posted on: 2026-06-09


hamabani image

नई दिल्ली, 09 जून। पश्चिम एशिया में तनाव घटने की खबर की वजह से ग्लोबल मार्केट से आज पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के कारोबार के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। वहीं एशिया के बाजार आज मजबूती के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे हैं।

अमेरिकी स्टॉक मार्केट पिछले सत्र के दौरान शॉर्ट कवरिंग के बीच चिप मेकर्स की बढ़त के कारण मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुआ। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 80.77 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 50,786.01 अंक के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.30 प्रतिशत की तेजी के साथ 7,405.73 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 220.23 अंक यानी 0.86 प्रतिशत उछल कर 25,929.66 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.07 प्रतिशत की तेजी के साथ 50,821.45 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोप के बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.05 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 10,373.20 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके विपरीत सीएसी इंडेक्स ने 0.23 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 8,199.29 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 142.83 अंक यानी 0.58 प्रतिशत टूट कर 24,616.22 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज आमतौर पर खरीदारी का रुख बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बना हुआ है। एशियाई बाजार में इकलौता हैंग सेंग इंडेक्स फिलहाल 0.23 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,600 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 84 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,257.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.51 प्रतिशत की मजबूती के साथ 3,979.68 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। कोस्पी इंडेक्स ने आज जोरदार छलांग लगाई है। यह सूचकांक फिलहाल 432.34 अंक यानी 5.46 प्रतिशत उछल कर 7,916.75 अंक के स्तर पर आ गया है।

इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 1,191.06 अंक यानी 2.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ 44,693.84 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 110 अंक यानी 2.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,452.14 अंक के स्तर पर, निक्केई इंडेक्स 1,165.40 अंक यानी 1.79 प्रतिशत की तेजी के साथ 65,190 अंक के स्तर पर, स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.98 प्रतिशत उछल कर 5,012.75 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स से 0.92 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,576.17 के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।