राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने उधमपुर बस हादसे पर जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2 लाख की सहायता का ऐलान

Posted on: 2026-04-20


hamabani image

नई दिल्ली, 20 अप्रैल । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में हुए भीषण बस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

राष्ट्रपति ने एक्स पर पोस्ट किया, “जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु के बारे में जानकर मुझे अत्यंत दुख हुआ है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति मैं शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि उधमपुर में बस हादसे में लोगों की मृत्यु की खबर से वे बेहद दुखी हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक यात्री बस पहाड़ी से लुढ़क गई, जिससे 16 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया।