धमतरी, 21 अप्रैल। फुटहामुड़ा मुख्य नहर निर्माण योजना से कई गांवों के किसानों को फायदा मिलेगा, लेकिन वर्तमान में काम शुरू होते ही किसानों को कई तरह की परेशानी आ रही है। किसानों के इन सामान्य समस्याओं के निराकरण के लिए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने प्रभावित किसानों की कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार काे बैठक आयोजित कर उनकी समस्याओं के निराकरण करने पहल की गई।
फूटहामुड़ा मुख्य नहर निर्माण योजना शुरू हो गई है। नहर बनाने काम किया जा रहा है, इस बीच क्षेत्र के ग्राम बगौद, जरहाखार, सिरौदखुर्द समेत कई अन्य गांवों के किसानों को माइनर नहर के बीचोबीचा मुख्य नहर निर्माण शुरू करने से खरीफ सीजन में दिक्कतें होंगी, क्योंकि इस क्षेत्र से ही अकेला बनबगौद गांव के 600 एकड़ धान फसल का सिंचाई प्रभावित होगा। इसके अलावा अन्य गांवों के धान फसल सिंचाई प्रभावित होगा। किसान महेश दास मानिकपुरी समेत अन्य ने बताया कि माइनर नहर के बीचोबीच नहर निर्माण से किसानों की दिक्कतें बढ़ गई है। ऐसे कई अन्य समस्याओं को लेकर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रभावित किसानों की बैठक लेकर उनकी सामान्य समस्याओं के निराकरण करने प्रयास किया गया। निर्माण से पहले ठेकेदारों ने वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बनाई है, इस पर चर्चा की गई। इसी तरह कई अन्य समस्याएं है, जिसे लेकर किसानों से चर्चा कर संबंधित ठेकेदार व अधिकारियों को उचित व्यवस्था करने निर्देश बैठक में कलेक्टर ने दिए है। किसानों ने बताया है कि खरीफ सीजन में यह माइनर नहर ही उनके धान फसल सिंचाई का मुख्य साधन है। इसके बिना धान उत्पादन संभव नहीं है।
22 गांवों के किसानों को मिलेगा फायदा
फूटहामुड़ा मुख्य नहर निर्माण योजना सालों से क्षेत्र के किसानों की मांग रही है, इसे स्वीकृति भी मिल गई है। नहर निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। मुख्य नहर निर्माण बनने के बाद क्षेत्र के करीब 22 गांवों के किसानों को इसका फायदा मिलेगा। हजारों एकड़ धान फसल की सिंचाई होगी, इससे क्षेत्र के किसानों की दिक्कतें दूर हो जाएगी। भविष्य में सिंचाई के लिए किसी तरह की समस्याएं नहीं होगी, जो वर्तमान में बना हुआ है। इस योजना के तहत बनने वाले नहर से क्षेत्र के ग्राम साल्हेभाट, सिरौदखुर्द, जोगीडीह, पीपरछेड़ी समेत करीब 22 गांवों के किसान लाभान्वित होंगे।