कोरबा: सीएसईबी प्लांट से पावर केबल चोरी करने वाले तीन आरोपित गिरफ्तार, 75 हजार का कॉपर वायर जब्त

Posted on: 2026-04-22


hamabani image

कोरबा, 22 अप्रैल । जिले के दर्री थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीएसईबी प्लांट के एबीबी यार्ड से पावर केबल चोरी करने वाले तीन आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से करीब 300 मीटर तांबा (कॉपर) केबल वायर, जिसकी कीमत लगभग 75 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित कमलकांत ठाकुर ने आज बुधवार को थाना दर्री में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 4 बजे अज्ञात व्यक्तियों ने सीएसईबी प्लांट के एबीबी यार्ड से 300 मीटर पावर केबल चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 145/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितिश ठाकुर और नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक के निर्देशन में टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार सिंह और साइबर सेल उप निरीक्षक अजय सोनवानी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने संदेहियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने सुशील श्रीवास उर्फ ठाकुर (43), विशाल राव उर्फ लाली (22) और जान सिंह प्रधान (26) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 300 मीटर तांबा केबल वायर बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में दो अन्य आरोपित किशन कुमार गोंड़ उर्फ गोलू और अटल आवास का एक अन्य युवक फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक आशीष कुमार सिंह, आरक्षक अजय यादव, संजू सिंह और सैनिक हिमांशु तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना की है।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस लगातार ऐसी कार्रवाइयों को अंजाम दे रही है।