धमतरी, 27 अप्रैल । भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए धमतरी नगर निगम ने शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। नगर निगम क्षेत्र की सभी ओवरहेड टंकियों में वर्षों से खराब पड़े वॉल (वाल्व) को बदलकर नए वॉल लगाए जा रहे हैं, जिससे पानी की बर्बादी पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
जानकारी के अनुसार, शहर की कई ओवरहेड टंकियों में पिछले लगभग 10 वर्षों से पुराने और जर्जर वॉल लगे हुए थे। इन वॉल की खराब स्थिति के कारण टंकियों से पानी का अनियंत्रित बहाव हो रहा था, जिससे करीब 20 से 25 प्रतिशत तक पानी व्यर्थ बह जाता था। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई थी, जिससे जल संकट की स्थिति और गंभीर हो रही थी। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने महापौर रामु रोहरा के निर्देश पर वॉल बदलने का विशेष अभियान शुरू किया है। नगर निगम के जल विभाग द्वारा प्राथमिकता के आधार पर उन टंकियों का चयन किया गया है, जहां पानी की बर्बादी अधिक हो रही थी।
जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने जानकारी दी कि इतवारी बाजार और सेंचुरी गार्डन स्थित ओवरहेड टंकियों में वॉल बदलने का कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि अन्य स्थानों पर भी कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि नए वॉल लगाए जाने से टंकियों से पानी का अनावश्यक बहाव पूरी तरह रुक जाएगा, जिससे न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि जल वितरण व्यवस्था भी अधिक प्रभावी हो सकेगी। नगर निगम की इस पहल से शहर में पानी की समस्या में काफी हद तक सुधार आने की उम्मीद है। विशेष रूप से गर्मी के दिनों में जब पानी की मांग बढ़ जाती है, तब यह कदम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्य की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में जल प्रबंधन और भी बेहतर होगा।