लखीमपुर खीरी, 28 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में फरधान थाना क्षेत्र स्थित बेहजम रोड पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार एक कार ने दो बाइकों में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दाेनाें बाइकाें पर सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने शवों को पाेस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी।
क्षेत्राधिकारी नगर विवेक तिवारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान हो गई हैं, जिनमें नीमगांव थाना क्षेत्र निवासी हितेश शुक्ला (42), सोनौरा गांव के हरि किशन (40), बासारा गांव के अनुज कुमार (35) और आदर्श शामिल हैं। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हाे गये। घटना की जानकारी मिलते ही सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
परिजनाें से पूछताछ में पता चला है कि ये सभी छह लोग दो बाइक पर सवार होकर सोमवार रात एक शादी समारोह में गये थे। देर रात को लौटते समय तभी बेहजम रोड पर लखनापुर पुलिया के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइकाें काे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवारों को रौंदने के बाद कार अनियंत्रित सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। अंधेरे का फायदा उठाकर कार सवार युवक भाग निकले।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि फरधान थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर फरार कार सवाराें की तलाश की जा रही है। तनाव को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है।