नई दिल्ली, 14 मई । केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ 35 वर्षों के अनुभवों पर पुस्तक ‘अपनापन’ लिखी है। पूर्व उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा 26 मई को पूसा में पुस्तक का विमोचन करेंगे।
शिवराज सिंह ने गुुरुवार को अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में अपनी पुस्तक ‘अपनापन’ की बात करते हुए कहा कि यह पुस्तक पाठकों को प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व, संवेदनशीलता और कार्यशैली को अधिक आत्मीयता से समझने का अवसर देगी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनका 35 वर्षों से भी अधिक पुराना साथ है। साल 1991 की एकता यात्रा से शुरू हुआ यह संबंध संगठनात्मक कार्यकर्ता के रूप में प्रारंभ हुआ और आगे चलकर मुख्यमंत्री, फिर केंद्रीय मंत्री के रूप में भी विभिन्न जिम्मेदारियों में उनके साथ काम करने का अवसर मिला।शिवराज ने कहा कि दुनिया प्रधानमंत्री मोदी को एक निर्णायक और प्रभावशाली नेता के रूप में देखती है लेकिन उन्होंने उनमें एक साधक, कर्मयोगी और राष्ट्रहित के लिए पूर्णतः समर्पित व्यक्तित्व को बहुत निकट से देखा है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी देर रात तक काम करने के बाद भी अगले दिन उसी ऊर्जा, उसी स्पष्टता और उसी प्रतिबद्धता के साथ देश के लिए खड़े दिखाई देते हैं।
शिवराज सिंह ने स्पष्ट किया कि ‘अपनापन’ केवल घटनाओं का वर्णन नहीं बल्कि एक विचार, एक दृष्टि, एक कार्यपद्धति और राष्ट्र निर्माण की उस भावना का दस्तावेज है, जिसने भारत को बदलने का साहस दिखाया। इस पुस्तक में पाठकों को संगठन से सरकार तक, संवेदना से निर्णय तक और संकल्प से सिद्धि तक की यात्रा की निकटतम झलक मिलेगी।