रायपुर। राजधानी के मुजगहन थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सातपाखर इलाके में जन्मदिन मनाने गए एक 20 वर्षीय युवक नदी में डूब गया, जिसके बाद से उसकी तलाश एसडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार की जा रही है। युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है और मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, डूबा हुआ युवक रूपेश देवांगन (20 वर्ष), पिता राजकुमार देवांगन, गुढ़ियारी स्थित शुक्रवारी बाजार का निवासी है। बताया जा रहा है कि आज ही उसका जन्मदिन था।
वह अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए सातपाखर इलाके में नदी किनारे गया था। परिजनों के अनुसार, रूपेश के पिता ने उसे पिकनिक पर जाने से मना भी किया था, लेकिन वह अपने दोस्तों के साथ बाहर निकल गया। जन्मदिन के उत्साह में सभी दोस्त नदी किनारे समय बिता रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकनिक के दौरान युवक नदी के गहरे हिस्से की ओर चला गया। पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह अचानक डूबने लगा।
साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोस्तों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय लोगों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मुजगहन थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। एसडीआरएफ की टीम द्वारा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
गोताखोरों की मदद से अलग-अलग स्थानों पर युवक की तलाश की जा रही है, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिल सकी थी। प्रशासन का कहना है कि खोज अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक युवक का पता नहीं चल जाता। स्थानीय लोगों ने बताया कि सातपाखर क्षेत्र में नदी का यह हिस्सा काफी गहरा और खतरनाक माना जाता है। यहां पानी का प्रवाह भी तेज रहता है, जिसके कारण पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।
इसके बावजूद लोग अक्सर बिना सावधानी के यहां पहुंच जाते हैं। घटना के बाद युवक के परिजन मौके पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द से जल्द युवक को खोजने की अपील की है। पुलिस ने मामले की जानकारी दर्ज कर ली है और आगे की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि यह एक हादसा है, लेकिन सुरक्षा उपायों की अनदेखी के कारण ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आती हैं।