आरबीआई ने कहा-सोना बेचने की खबरें गलत, भंडार 880.52 टन पर स्थिर

Posted on: 2026-06-03


hamabani image

नई दिल्ली, 03 जून । रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने बुधवार को उन मीडिया रिपोर्टों को खारिज कर दिया है, जिनमें यह दावा किया गया था कि उसने अपने स्वर्ण भंडार का कुछ हिस्सा बेच दिया है। आरबीआई ने स्पष्ट किया कि उसके पास मौजूद सोने की मात्रा 880.52 टन पर अपरिवर्तित बनी हुई है।

एक अमेरिकी मीडिया कंपनी ब्लूमबर्ग ने दावा किया था कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के प्रभाव से विदेशी मुद्रा भंडार की रक्षा के लिए केंद्रीय बैंक ने लगभग 12 अरब डॉलर मूल्य का सोना बेच दिया हो सकता है। ब्लूमबर्ग इकोनॉमिक्स ने एक विश्लेषण आधार पर यह दावा किया था।

केंद्रीय बैंक ने अफवाहों से बचने और प्रामाणिक जानकारी के लिए हमेशा आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट http://rbi.org.in पर जाने की अपील की है। शीर्ष बैंक ने जारी बयान में कहा कि आरबीआई के संज्ञान में मीडिया के कुछ वर्गों में ऐसी रिपोर्टें आई हैं, जिनमें रिजर्व बैंक द्वारा सोना बेचे जाने की बात कही गई है। आरबीआई इस बात पर जोर देता है कि ये रिपोर्टें सही नहीं हैं।

आरबीआई ने कहा कि अपने मासिल बुलेटिन में वे सोने के भंडार की जानकारी देता है। नवीनतम जानकारी आरबीआई की वेबसाइट पर उपलब्ध है,। इसका लिंक है- https://www.rbi.org.in/Scripts/BS_ViewBulletin.aspx?Id=24213। आज की तारीख तक सोने का भौतिक भंडार 880.52 टन पर अपरिवर्तित बना हुआ है।

वहीं पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) के फेक्टचेक अकाउंट ने भी सोशल मीडिया पर इस दावे का खंडन किया है। इसमें कहा गया है कि भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी सितंबर 2025 के अंत में 13.92 प्रतिशत से बढ़कर 31 मार्च 2026 को 16.70 प्रतिशत हो गई और 22 मई 2026 तक यह और बढ़कर 16.85 प्रतिशत हो गई।