नई दिल्ली, 11 जून । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर किसानों के कल्याण के लिए किए गए कार्यों को सराहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक तकनीक, कम ब्याज पर ऋण, फसलों का उचित मूल्य, आय सुरक्षा और सौर ऊर्जा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी उत्पादकता और जीवन स्तर को बेहतर बनाने पर सरकार ने लगातार जोर दिया है।
प्रधानमंत्री ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि किसानों का कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। किसानों को कृषि से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर सरकार का लगातार जोर रहा है। ड्रोन, सॉयल हेल्थ कार्ड और प्राकृतिक खाद से जुड़े अभियानों ने किसानों को फसल की उत्पादकता बढ़ाने में मदद की है।
प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि खेती सहित अन्य जरूरतों के लिए कम ब्याज पर आसानी से ऋण उपलब्ध कराने में किसान क्रेडिट कार्ड किसानों, पशुपालकों और मछुआरों के लिए बहुत उपयोगी साबित हुआ है। साथ ही ‘बीज से बाजार तक’ की पहल ने उनकी फसलों को उचित मूल्य दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे किसान भाई‑बहन देश की अन्न सुरक्षा, पोषण और समृद्धि के आधारस्तंभ हैं। उनके जीवन को आसान बनाने के लिए सरकार कोई कोर‑कसर नहीं छोड़ रही है। पीएम‑किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना जैसी पहलें उनकी आय की सुरक्षा के साथ‑साथ खेती को अधिक सशक्त बना रही हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पीएम‑कुसुम योजना से किसानों को सौर ऊर्जा सुलभ हुई है, जिससे खेती का खर्च कम हुआ है और ऊर्जा की उपलब्धता बढ़ी है।