बीजापुर, 25 जून । छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को देखते हुए जिला प्रशासन बीजापुर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं।
बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप द्वारा आज गुरूवार काे जारी आदेश के अनुसार 13 जुलाई से 17 जुलाई तक आयोजित होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान प्रश्नोत्तर से संबंधित कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है, कि इस अवधि में जिले के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना अवकाश पर नहीं जाएंगे और न ही मुख्यालय छोड़ेंगे। साथ ही, किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में बुलाए जाने पर उन्हें कार्यालयीन समय के बाद तथा अवकाश के दिनों में भी कार्यालय में उपस्थित रहना होगा।
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा अधीनस्थ कर्मचारियों से भी इसका पालन करवाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य विधानसभा सत्र के दौरान शासन को समय-सीमा में आवश्यक जानकारी एवं प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन ने आदेश के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से पूर्ण अनुशासन एवं तत्परता बनाए रखने की अपील की है।