रायपुर : 28 जून को मुख्यमंत्री करेंगे लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान, निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को भी मिलेगा पुरस्कार

Posted on: 2026-06-26


hamabani image

रायपुर, 26 जून । लोकतंत्र प्रहरी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने बताया कि, प्रदेश सरकार द्वारा 28 जून को रायपुर में आयोजित होने वाले भव्य सम्मेलन में मुख्यमंत्री लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करेंगे। कार्यक्रम में आपातकाल विषय पर आयोजित प्रदेशस्तरीय निबंध प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को भी मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया जाएगा। सम्मेलन के मुख्य वक्ता वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार होंगे।

उपासने ने गुरुवार को रायपुर प्रेस क्लब मोतीबाग में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि, 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को देश के लोकतांत्रिक इतिहास का काला अध्याय माना जाता है। उन्होंने कहा कि 26 जून 1975 से मार्च 1977 तक चले 21 माह के आपातकाल के दौरान नागरिक स्वतंत्रताओं का हनन हुआ, हजारों लोकतंत्र समर्थकों को मीसा सहित अन्य कठोर कानूनों के तहत जेलों में बंद किया गया तथा प्रेस की स्वतंत्रता पर सेंसरशिप लगाकर अभिव्यक्ति की आजादी को कुचलने का प्रयास किया गया।

उन्होंने बताया कि, प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 28 जून को लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर आपातकाल पर आधारित विशेष संदर्भ ग्रंथ एवं स्मारिका का विमोचन भी होगा।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण लोकतंत्र सेनानी संघ एवं लोकतंत्र प्रहरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रदेशस्तरीय निबंध प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों का सम्मान होगा। विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 31 हजार, 21 हजार एवं 11 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल सभी 520 विद्यार्थियों तथा संबंधित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों को भी मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

उपासने ने बताया कि, यह भव्य आयोजन 28 जून को सुबह 11 बजे रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री, विधायक, निगम-मंडलों एवं आयोगों के अध्यक्ष, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक तथा बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानी एवं उनके परिजन शामिल होंगे। कार्यक्रम में आपातकाल, संविधान हत्या दिवस और लोकतांत्रिक मूल्यों पर व्याख्यान भी होंगे तथा 'आपातकाल योद्धा' विशेष स्मारिका का विमोचन किया जाएगा।

लोकतंत्र प्रहरी के प्रदेश अध्यक्ष विशाल राजहंस ने बताया कि, प्रदेशभर के लोकतंत्र सेनानी परिवारों को मुख्यमंत्री की ओर से ससम्मान निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। निबंध प्रतियोगिता एवं कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए विद्यार्थी, शिक्षक एवं शिक्षण संस्थान मोबाइल नंबर 9425202652 एवं 9425552002 पर संपर्क कर सकते हैं।

पत्रकार वार्ता में लोकतंत्र प्रहरी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने, प्रदेश अध्यक्ष विशाल राजहंस तथा रायपुर जिला अध्यक्ष सुहास देशपांडे उपस्थित रहे।