नई दिल्ली, 01 जुलाई । एस. के. सिन्हा ने बुधवार को सार्वजनिक क्षेत्र की गैस कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड में निदेशक (वित्त) का कार्यभार संभाल लिया है। वह आर. के. जैन की जगह लेंगे, जो 30 जून को सेवानिवृत्त हो गए।
गेल ने ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में बताया कि एस. के. सिन्हा ने आज भारत की प्रमुख एकीकृत ऊर्जा कंपनी, गेल (इंडिया) लिमिटेड में निदेशक (वित्त) का पदभार संभाला। निदेशक मंडल में शामिल होने से पहले उन्होंने कार्यकारी निदेशक (वित्त एवं लेखा) के तौर पर काम किया है। इससे पहले वे कार्यकारी निदेशक (वित्त एवं लेखा) के रूप में कार्यरत थे।
एस. के. सिन्हा 1994 में प्रबंधन प्रशिक्षु के रूप में गेल से जुड़े थे और अब तीन दशक से अधिक के कार्यकाल के बाद निदेशक मंडल में शामिल हुए हैं। कंपनी के मुताबिक लागत एवं प्रबंधन लेखाकार (कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट) सिन्हा ने अपने कार्यकाल के दौरान कॉर्पोरेट वित्त, लेखांकन, कोष, कराधान, बजट, परियोजना मूल्यांकन, निवेशक संबंध और विलय एवं अधिग्रहण जैसे क्षेत्रों में कार्य किया है।
गेल ने बताया कि सिन्हा ने वित्तीय प्रणालियों, कोष प्रबंधन, डिजिटलीकरण और निवेशक संबंधों से जुड़ी पहलों का नेतृत्व किया है, जिसमें एसएपी-आधारित वित्त प्रक्रियाओं तथा अन्य स्वचालन परियोजनाओं का कार्यान्वयन शामिल है। उन्होंने गेल ग्लोबल सिंगापुर प्राइवेट लिमिटेड और गेल मैंगलोर पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड के निदेशक मंडल में भी सेवाएं दी हैं।
कंपनी ने कहा कि सिन्हा के पास वित्तीय समझ और रणनीतिक नजरिए का बेहतरीन मेल है, जो गेल की वित्तीय मजबूती को और बढ़ाएगा और एक एकीकृत ऊर्जा कंपनी के तौर पर इसके विकास में मदद करेगा। उनकी लीडरशिप में गेल ने वित्तीय रिपोर्टिंग में बेहतरीन काम, निवेशक संबंध में पहचान और शेयर होल्डर्स के लिए लगातार वैल्यू बनाने के मामले में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।