ईरान में पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई को तेहरान में सुपुर्द-ए-खाक करने के छह दिन के राजकीय कार्यक्रम की तैयारियां चल रही हैं। इसमें लाखों शोक संतप्त लोगों के शामिल होने की उम्मीद है, जिसके लिए सुरक्षा और यातायात के व्यापक प्रबंध किए गए है।
वरिष्ठ ईरानी नेताओं, सैन्य कमांडरों और विदेशी गणमान्य व्यक्तियों ने तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला में अयातुल्ला अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित लोगों में राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन, संसद के स्पीकर मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़, विदेश मंत्री अब्बास अरागची और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर अहमद वहिदी शामिल थे।
भारत का प्रतिनिधित्व बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने किया। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मार्गेरिटा ने कहा कि उन्होंने भारत सरकार और जनता की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने हालिया संघर्ष में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
अन्य विदेशी गणमान्य व्यक्तियों में रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव, चीन के वरिष्ठ प्रतिनिधि हे वेई, अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी और कई देशों के शिष्टमंडल शामिल थे। 28 फरवरी को इजरायल और अमरीका के हवाई हमलों में खामेनेई की मौत हो गई थी।
उन्हें सुपुर्द-ए-खाक करने का कार्यक्रम अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा और इस महीने की 9 तारीख को पवित्र शहर मशहद में उन्हें दफनाने के साथ यह समाप्त होगा। इसके बाद 40 दिनों तक सार्वजनिक शोक मनाया जाएगा।