राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में डूरंड कप टूर्नामेंट 2026 की ट्रॉफी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Posted on: 2026-07-07


hamabani image

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में डूरंड कप 2026 के लिए ट्राफियों का अनावरण किया और उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि इस वर्ष डूरंड कप, राष्ट्रपति कप और शिमला ट्रॉफी के लिए नई टीमें प्रतिस्पर्धा करेंगी। इस वर्ष के टूर्नामेंट में श्रीलंकाई टीम की भागीदारी पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि नई टीमों के शामिल होने से यह ऐतिहासिक प्रतियोगिता और भी अधिक लोकप्रिय हो जाएगी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनसे खेल भावना को कायम रखने और अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता की प्रतिष्ठा को और बढ़ाने का आग्रह किया। राष्ट्रपति ने इस बात पर भी खुशी जताई कि कोलकाता, गुवाहाटी, इम्फाल और शिलांग के अलावा इस वर्ष का डूरंड कप रांची में भी आयोजित किया जाएगा।

फुटबॉल की एकता की शक्ति पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि इस खेल में लोगों को एकजुट करने की अनूठी क्षमता है। उन्होंने कहा कि खेल भावना के मूल्य खेल के मैदान से कहीं आगे तक फैले हुए हैं, जो अनुशासन, दृढ़ संकल्प और टीम भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि फुटबॉल में अग्रणी शक्ति के रूप में उभरने के लिए भारत को अभी लंबा सफर तय करना है और उन्होंने सभी से इस यात्रा में योगदान देने का आह्वान किया। राष्ट्रपति ने आशा व्यक्त की कि यह टूर्नामेंट देश में फुटबॉल प्रतिभाओं के पोषण और विकास के लिए एक मंच प्रदान करेगा।

इस अवसर पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल धीरज सेठ और चीफ ऑफ नेवल स्टाफ एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन भी उपस्थित थे।