छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे भारी बारिश की संभावना, 8 जिलों में रेड अलर्ट

Posted on: 2026-07-07


hamabani image

रायपुर । छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए आठ जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की सक्रियता का सबसे अधिक असर प्रदेश के मध्य और मैदानी क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। रेड अलर्ट वाले जिलों में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, बेमेतरा और बालोद शामिल हैं। इन जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

प्रदेश में शनिवार से शुरू हुई बारिश का सिलसिला सोमवार तक जारी रहा। लगातार वर्षा के कारण रायपुर, दुर्ग, भिलाई, धमतरी, गरियाबंद सहित कई शहरों में सड़कें जलमग्न हो गईं। राजधानी रायपुर के टाटीबंध, प्रोफेसर कॉलोनी, परशुराम नगर और फाफाडीह जैसे निचले इलाकों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जिससे कई वाहन पानी में फंस गए और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

मुंगेली जिले में मानसून के दौरान अब तक 531.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जिले की विभिन्न तहसीलों में मुंगेली में 76.5 मिमी, पथरिया में 118.4 मिमी, लोरमी में 95.6 मिमी, लालपुर थाना क्षेत्र में 70.3 मिमी, जरहागांव में 50.3 मिमी और सरगांव में 120 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जिले में 1 जून से अब तक कुल 1463.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है।

वहीं, बलौदाबाजार जिले में 1 जून से 6 जुलाई तक 245.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जिले की टुण्डरा तहसील में सबसे अधिक 386 मिमी, बलौदाबाजार में 277 मिमी, भाटापारा में 241.1 मिमी, कसडोल में 235.4 मिमी, लवन में 232.4 मिमी, पलारी में 229.7 मिमी, सिमगा में 216.5 मिमी, सोनाखान में 197.9 मिमी और सुहेला में 194 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर नहीं जाने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी संबंधित जिलों में आपदा प्रबंधन और राहत दलों को अलर्ट मोड पर रखा है।