गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 2.20 लाख करोड़ की चपत

Posted on: 2026-07-14


hamabani image

 पश्चिम एशिया में सीजफायर खत्म होने के बाद बढ़े तनाव, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई जोरदार तेजी और डॉलर की तुलना में रुपये की कीमत में आई बड़ी गिरावट के कारण घरेलू शेयर बाजार में आज लगातार निगेटिव सेंटिमेंट्स के बीच कारोबार होता रहा। निगेटिव सेंटिमेंट्स की वजह से पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.72 प्रतिशत और निफ्टी 0.66 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए। बाजार की कमजोरी की वजह से आज दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार के निवेशकों के लगभग 2.20 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए।

आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई थी। शुरुआती दस मिनट में खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी ने मामूली रिकवरी भी की। इसके बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे बाजार की चाल लुढ़कती चली गई। हालांकि खरीदारों ने कई बार लिवाली का जोर बनाकर बाजार को सहारा देने की कोशिश की। दिन के पहले सत्र के दौरान इस लिवाली के सपोर्ट से बाजार की चाल में उतार-चढ़ाव भी होता रहा लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि खरीदारों की कोई कोशिश सफल नहीं हो सकी।

बीएसई का सेंसेक्स आज 344.06 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,272.34 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद यह सूचकांक पहले 10 मिनट में ही ओपनिंग लेवल से करीब 130 अंक की रिकवरी कर 77,402.79 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स की चाल में गिरावट आने लगी।

दोपहर 11:30 बजे तक बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा। इसके बाद बिकवालों ने चौतरफा दबाव बना दिया, जिससे सेंसेक्स गिरता चला गया। लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 614.92 अंक टूट कर 77,001.48 अंक के स्तर तक गिर गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 561.46 अंक की गिरावट के साथ 77,054.94 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 143 अंक यानी 0.59 प्रतिशत टूट कर 24,068 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 90 अंक सुधर कर 24,157.10 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे निफ्टी की चाल में गिरावट आने लगी। दिन के पहले सत्र में ज्यादातर समय लिवालों और बिकवालों की खींचतान की वजह से बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा।

हालांकि दिन के दूसरे सत्र में चौतरफा बिक्री शुरू हो गई, जिससे निफ्टी फिसलता चला गया। लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 187.30 अंक लुढ़क कर 24,023.70 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई मामूली खरीदारी के कारण निफ्टी दिन के निचले स्तर से करीब 30 अंक की रिकवरी कर 158.95 अंक की कमजोरी के साथ 24,052.05 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान ज्यादातर सेक्टर्स में बिकवाली का दबाव बना रहा। रियल्टी, बैंकिंग और आईटी सेक्टर के शेयरों की आज लगातार बिक्री होती रही। इसी तरह एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस, मीडिया, इंफ्रास्ट्रक्चर, एनर्जी और कंज्यूमर ड्युरेबल्स इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, फार्मास्यूटिकल और मेटल सेक्टर के शेयरों में आज लगातार खरीदारी होती रही। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.44 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉल कैप इंडेक्स ने 1.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में दो लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 479.40 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 481.60 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.20 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,433 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,501 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,737 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं, 195 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,975 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 834 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,141 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 6 शेयर बढ़त के साथ और 24 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 34 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से भारती एयरटेल 1.82 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल 1.34 प्रतिशत, सन फार्मास्यूटिकल्स 1.10 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 0.95 प्रतिशत और टीसीएस 0.88 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एचसीएल टेक्नोलॉजी 4.46 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 3.26 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 3.17 प्रतिशत, टीएमपीवी 2.60 प्रतिशत और इंटरग्लोब एवियशन 2.32 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।