छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन बुधवार को हंगामेदार रहने के आसार हैं। प्रश्नकाल में विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर डिप्टी मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे। विपक्ष की ओर से कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और अन्य जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी है।
सदन की कार्यवाही के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी का वार्षिक प्रतिवेदन सदन के पटल पर रख सकते हैं। इसके अलावा मंत्री लखनलाल देवांगन और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी अपने-अपने विभागों से संबंधित विभिन्न प्रतिवेदन और दस्तावेज सदन में प्रस्तुत करेंगे।
बुधवार की कार्यवाही का सबसे अहम हिस्सा दो ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर होने वाली चर्चा रहेगी। इनमें इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के कथित शिकार का मामला प्रमुख रूप से उठाया जाएगा। साथ ही शासकीय मुद्रणालय में प्रिंटिंग कार्य से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी सदन में गूंजने की संभावना है।
कार्यवाही के दौरान विधायक विक्रम उसेंडी गैर-सरकारी सदस्यों के विधेयकों एवं संकल्पों से संबंधित समिति का पहला प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। वहीं विधायक कुंवर सिंह निषाद, सावित्री मंडावी और राघवेंद्र सिंह विभिन्न जनहित याचिकाएं सदन के समक्ष रख सकते हैं।
इसके अलावा सदन में सात शासकीय विधि विषयक कार्य भी प्रस्तुत किए जाने की संभावना है। ऐसे में मानसून सत्र के तीसरे दिन सरकार और विपक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिल सकती है।