फिलिस्तीन ने युद्धग्रस्त देश में तीन प्रमुख विकास परियोजनाएं स्थापित करने के भारत के निर्णय का स्वागत किया है। इन परियोजनाओं में एक विशेष अस्पताल, एक कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण केंद्र और एक व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान शामिल हैं।
नई दिल्ली स्थित फिलिस्तीनी दूतावास ने एक बयान में कहा कि यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब फिलिस्तीनी लोग, विशेष रूप से गाजा पट्टी में, हाल के समय के सबसे गंभीर मानवीय संकटों में से एक का सामना कर रहे हैं। दूतावास ने कहा कि भारत द्वारा एक विशेष अस्पताल और कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण केंद्र स्थापित करने की प्रतिबद्धता स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और सबसे अधिक प्रभावित लोगों के पुनर्वास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
इसमें आगे कहा गया है कि प्रस्तावित व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान फिलिस्तीनी लोगों के भविष्य में एक निवेश का प्रतिनिधित्व करता है, जो युवा फिलिस्तीनियों को अपने समुदायों और अर्थव्यवस्था के पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक कौशल से लैस करेगा।
इससे पहले सोमवार को विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने ब्रुसेल्स में 2028-29 कार्यकाल के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के चुनाव हेतु भारत के अभियान की शुरुआत के दौरान इस पहल की घोषणा की थी।
दूतावास ने स्वतंत्र फ़िलिस्तीन और इज़राइल के शांति और सुरक्षा में साथ-साथ रहने वाले दो-राज्य समाधान के लिए भारत के दीर्घकालिक समर्थन की पुष्टि का भी स्वागत किया। दूतावास ने फ़िलिस्तीन की संयुक्त राष्ट्र की पूर्ण सदस्यता और फ़िलिस्तीनी लोगों के साथ निरंतर मानवीय और विकासात्मक साझेदारी के लिए भारत के समर्थन का भी स्वागत किया