ईरान के पश्चिमी हिस्से में 5.5 तीव्रता का भूकंप, हिली इमारतें, दहशत फैली

Posted on: 2026-07-20


hamabani image

ईरान के पश्चिमी हिस्से में आज सुबह लोगों ने भूकंप के तेज झटके महसूस किए। गगनचुंबी इमारतों से लेकर रिहायशी इलाकों में इससे दहशत फैल गई। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई। घबराए हुए लोग अपनी जान बचाने के लिए खुले मैदानों की तरफ भागने लगे।

यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र (ईएमएससी) ने एक्स हैंडल पर यह जानकारी साझा की। ईएमएससी के विज्ञानियों के अनुसार इस भूकंप का केंद्र करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर रहा। इसका केंद्र करीब 7 लाख 66 हजार की आबादी वाले बड़े शहर कहरीज से 54 किलोमीटर पश्चिम में और लगभग 38 हजार की आबादी वाले जावनरूद शहर से महज 33 किलोमीटर दक्षिण में रहा। स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में नुकसान का जायजा लेने के लिए टीमें रवाना की।

ईरान में पिछले कुछ दिनों से लगातार भू-गर्भीय हलचल देखी जा रही है। बीते रविवार को ही दक्षिण-पश्चिमी प्रांत खुजेस्तान के सालैंड क्षेत्र में भी 5.0 तीव्रता का एक और भूकंप आया था। तेहरान विश्वविद्यालय के भू-भौतिकी संस्थान की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान में महज एक हफ्ते के भीतर 80 से अधिक छोटे-बड़े भूकंप दर्ज किए गए हैं।-