जापान से लौटे इंस्पायर अवार्ड मानक के विद्यार्थियों का राज्यपाल ने किया सम्मान

Posted on: 2026-07-20


hamabani image

राज्यपाल रमेन डेका ने आज लोकभवन में इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत जापान के सकुरा साइंस हाई स्कूल प्रोग्राम में शामिल होकर लौटे विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप 5,000 रुपए की राशि प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। सम्मानित विद्यार्थियों में धमतरी, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा जिले के कुमारी सुनैना साहू, कुमारी समीक्षा साहू, श्री गगन दास मानिकपुरी तथा श्री सैय्यद कशफ अली शामिल थे। ये सभी विद्यार्थी ग्रामीण पृष्ठभूमि के हैं। इन विद्यार्थियों का चयन इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक अध्ययन भ्रमण के लिए हुआ था।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से जापान भ्रमण के अनुभव की जानकारी ली। राज्यपाल ने कहा कि जापान की वैज्ञानिक सोच, अनुशासन, समयपालन और कार्य संस्कृति से प्रेरणा लेकर उसे अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान, दृष्टिकोण और नवाचार की क्षमता को समृद्ध करते हैं तथा उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी अपनी प्रतिभा के बल पर छत्तीसगढ़ और देश का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित करने का आह्वान किया।