मानसून सत्र से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी पर कसा तंज

Posted on: 2026-07-20


hamabani image

मानसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले एक महीने में भारत को हासिल हुई उपलब्धियों की बात की है। संसद के बाहर अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक महीने में देश ने अनेक सिद्धियां प्राप्त की हैं। देशवासी गर्व से भर जाएं, इस प्रकार की सिद्धियों का सिलसिला चला है। इस दौरान, पीएम मोदी ने इशारों में राहुल गांधी पर भी तंज कसा।

पीएम मोदी ने कहा, मानसून का अभी कुछ लाभ नजर आ रहा है और मानसून सत्र भी शुरू हो रहा है। मानसून हो या मानसून सत्र, दोनों सक्रिय हैं तो बहुत ही फायदेमंद होते हैं। दोनों जब फायदेमंद होते हैं तो देश और जीव मात्र का कल्याण होता है। हम प्रार्थना करते हैं कि मानसून सक्रिय और फायदेमंद बना रहे, और मानसून सत्र भी फायदेमंद साबित हो। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने में देश ने अनेक सिद्धियां प्राप्त की हैं। देशवासी गर्व से भर जाएं, इस प्रकार की सिद्धियों का सिलसिला चला है।

चाहे राष्ट्रीय हो, अंतरराष्ट्रीय हो या अंतरिक्ष, एक प्रकार से भारत के लिए गर्व के पल रहे हैं। पिछले साल मानसून सत्र के ठीक पहले भारतीय नागरिक इंटरनेशनल स्पेस सेंटर पर पहुंचा था। परसों भारत का एक युवा स्टार्टअप ने बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्व के कम ही देश हैं, जहां इस प्रकार प्राइवेट साहस हुए हैं और भारत के युवाओं ने अंतरिक्ष में नई उड़ान भरी है। यह बड़ी सफलता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्काईरूट स्टार्टअप में काम करने वाले नौजवानों की औसत उम्र सिर्फ 28 साल है। ऐसे नौजवानों ने यह काम करके दिखाया है। मैं किसी 56 साल के नौजवान (राहुल गांधी) की बात नहीं कर रहा हूं, बल्कि देश के 28 साल के औसत उम्र के नौजवानों ने अंतरिक्ष में झंडा गाड़ा है।

पीएम मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा, ऐसे क्षण भारत को आत्मविश्वास से भर देते हैं। विश्व में भारत का प्रोफाइल सर्वमान्य और सर्वस्वीकृत बनता जाता है। यह संयोग नहीं, बल्कि संदेश है और यह संदेश मजबूत है। हमारे देश के युवाओं की क्षमता और आकांक्षा अंतरिक्ष जितनी असीम है। इससे बड़ा संदेश देश के लिए और बड़ा परिणाम नहीं दे सकता।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि जो रिफॉर्म एक्सप्रेसवे पर सवार होकर आज देश चल पड़ा है, उसी का नतीजा है कि भारत के नौजवान इतना बड़ा साहस कर पाते हैं और सफल भी हो रहे हैं।