पंजाब के किसानों का दिल्ली कूच करने के बाद हरियाणा के एक दर्जन जिलों में पुलिस अलर्ट हो गई है। बॉर्डर जाम होने के कारण हजारों यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने अमेरिका-भारत फ्री ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली में महापंचायत बुलाई है। हरियाणा व पंजाब के किसान दिल्ली कूच करना चाहते हैं। किसानों के कूच को देखते हुए सोनीपत के कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर करीब 4 किमी लंबा जाम लगा है। हरियाणा पुलिस वज्र वाहन तैनात कर वाहनों की सघन जांच कर रही है। जांच के बाद ही दिल्ली की ओर प्रवेश दिया जा रहा है।
कुरुक्षेत्र में प्राइवेट बस से दिल्ली जा रहे किसानों को पुलिस ने ज्योतिसर चौकी के पास लगे नाके पर रोक लिया। बस में करीब 30 किसान थे, जिनको पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनमें भारतीय किसान यूनियन पिहोवा के प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच भी शामिल है। हिसार एरिया में दिल्ली पुलिस ने बहादुरगढ़-द्वारका बाईपास पर बैरिकेड लगा दिए है। निजी वाहन सख्त चेकिंग के बाद ही पास हो रहे हैं।
शंभू बॉर्डर पर किसानों के बैठने से अमृतसर-दिल्ली, चंडीगढ़-दिल्ली राष्ट्रीय मार्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। बरसात के मौसम में यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र, कैथल, सोनीपत आदि जिलों में पुलिस ने किसान नेताओं को हिरासत में लिया है।