नेस्ले इंडिया को पहली तिमाही का शुद्ध लाभ 958.68 करोड़ रुपये

Posted on: 2026-07-22


hamabani image

दैनिक उपभोग की वस्तुएं बनाने वाली प्रमुख कंपनी नेस्ले इंडिया ने वित्त वर्ष 2026-27 की (अप्रैल-जून) पहली तिमाही के अपने नतीजे का ऐलान कर दिया है। नेस्ले इंडिया का अप्रैल-जून में एकीकृत शुद्ध लाभ (मुनाफा) 48.26 फीसदी बढ़कर 958.68 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 646.59 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में उत्पादों की बिक्री से नेस्ले इंडिया का राजस्व 25.4 फीसदी बढ़कर 6,363.27 करोड़ रुपये पर पहुचं गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 5073.96 करोड़ रुपये था।

नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) मनीष तिवारी ने कहा, ‘‘हमने मात्रा वृद्धि के दम पर बिक्री में 25.4 फीसदी वृद्धि के साथ मजबूत तिमाही प्रदर्शन किया। बिक्री 6,363.3 करोड़ रुपये रही, जिसे हमारे ब्रांडों पर उपभोक्ताओं के निरंतर भरोसे और प्रभावी क्रियान्वयन का समर्थन मिला। वहीं, भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद निर्यात में 35.6 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।’’

इसी तरह वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में नेस्ले इंडिया की कुल आय 25.5 फीसदी बढ़कर 6,400.65 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 5,100.33 करोड़ रुपये थी। कंपनी का कुल खर्च 20.71 फीसदी बढ़कर 5,070.03 करोड़ रुपये रहा।

अप्रैल-जून तिमाही में घरेलू बिक्री 25 फीसदी बढ़कर 6,073.05 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 4,860.01 करोड़ रुपये थी। वहीं, कंपनी का निर्यात राजस्व 35.64 फीसदी बढ़कर 290.22 करोड़ रुपये हो गया।

तिवारी ने कहा कि पहली तिमाही के दौरान कंपनी ने परिचालन लागत में बचत के प्रयासों को और तेज करने के साथ अपने ब्रांडों में निवेश बढ़ाना जारी रखा। इसके अलावा विज्ञापन पर खर्च में 40 फीसदी से अधिक की वृद्धि की गई और कंपनी का कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) मार्जिन 24.2 फीसदी रहा।

नेस्ले इंडिया दैनिक उपभोग (एफएमसीजी) की एक प्रमुख कंपनी है। इस कंपनी का मुख्यालय गुरुग्राम, हरियाणा में स्थित है। इसकी शुरुआत 1912 में हुई थी। ये मैगी, नेस्कैफे, किटकैट और सेरेलैक जैसे लोकप्रिय ब्रांड्स बनाती है। कंपनी के भारत में कुल 9 निर्माण संयंत्र हैं।