सूरजपुर : कलेक्टर ने कृष्णपुर और बतरा जलाशय का किया निरीक्षण

Posted on: 2026-07-22


hamabani image

सूरजपुर जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कलेक्टर रेना जमील ने आज बुधवार कृष्णपुर और बतरा जलाशय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जलाशयों के जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग करने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आगामी सत्र में बतरा जलाशय की डिसिल्टिंग के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा, ताकि जलाशय की जल संग्रहण क्षमता बनी रहे। साथ ही बांध के हेड स्लूज के पैरापेट पर गेट और रैलिंग लगाने के निर्देश भी दिए, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।

लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर कलेक्टर ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए सभी अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद रहें और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें।

उन्होंने पटवारी, पंचायत सचिव और क्षेत्रीय अधिकारियों को भी अपने क्षेत्रों की स्थिति की नियमित जानकारी एसडीएम और तहसीलदारों को देने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। जनपद पंचायत सीईओ को भी सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए संयुक्त जिला कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी आपात स्थिति या प्राकृतिक आपदा की सूचना आम नागरिक कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 07775-266116 पर दे सकते हैं, ताकि राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किए जा सकें।

निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता जल संसाधन तरन्नूम खानम, एसडीओ लोकेश पटेल और अनमोल सांडिल्य सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।