भारत और यूएई ने एक-दूसरे के देशों में रहने वाले अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की

Posted on: 2026-07-23


hamabani image

भारत और संयुक्‍त अरब अमीरात-यूएई ने एक-दूसरे के देशों में रहने वाले अपने नागरिकों की सुरक्षा, गरिमा और कल्याण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। भारत-यूएई संयुक्त  वाणिज्य दूतावास समिति- जेसीसीए की सातवीं बैठक कल नई दिल्ली में आयोजित की गई। प्रवासी भारतीय मामलों की कांसुलर, पासपोर्ट और वीजा सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन और यूएई के विदेश मंत्रालय के अवर सचिव ओबैद मोहम्मद अलहेसान अलशम्सी ने बैठक की सह-अध्यक्षता की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने समुदाय के कल्याण पर जोर दिया और कांसुलर, वीजा और कानूनी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए आगामी  रणनीति पर सहमति व्यक्त की।

मंत्रालय ने बताया कि भारतीय शैक्षणिक दस्तावेजों के सुचारू प्रमाणीकरण के लिए डिजिलॉकर को यूएई के प्लेटफार्मों के साथ एकीकृत करने की दिशा में काम करने के लिए दोनों पक्षों के बीच अलग बैठक हुई। मंत्रालय ने कहा कि इस कदम से यूएई में काम कर रहे भारतीय पेशेवरों को लाभ होने की उम्मीद है और इससे आर्थिक और शैक्षिक अवसरों में वृद्धि होगी। मंत्रालय ने बताया कि जेसीसीए की अगली बैठक आपसी सहमति से तय की गई तारीखों पर अबू धाबी में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।