हरी पालक और चावल का जबरदस्त कॉम्बिनेशन

Posted on: 2026-07-24


hamabani image

पालक राइस न सिर्फ खाने में स्वादिष्ट होता है, बल्कि इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को कई फायदे पहुंचाते हैं। पालक में आयरन, फाइबर, कैल्शियम, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर को अंदर से मजबूत बनाने में मदद करते हैं। वहीं चावल शरीर को ऊर्जा देने का काम करते हैं। यही वजह है कि यह डिश रात के हल्के डिनर के लिए एक बेहतर विकल्प मानी जा सकती है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, रात में ज्यादा तला-भुना और मसालेदार भोजन करने से पाचन संबंधी समस्याएं जैसे गैस, एसिडिटी और भारीपन की परेशानी हो सकती है। इसके मुकाबले पालक राइस आसानी से पचने वाला भोजन है और लंबे समय तक शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है। पालक राइस बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। इसे घर में मौजूद सामान्य चीजों से आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसके लिए करीब 3 कप पके हुए चावल, 3 से 4 कप ताजा पालक, एक मध्यम आकार का प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, जीरा, हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला, नमक और थोड़ा तेल या देसी घी की जरूरत होती है।

इसे बनाने की शुरुआत पालक की प्यूरी तैयार करने से की जाती है। सबसे पहले पालक को अच्छी तरह धोकर हल्का उबाल लें या भाप में पका लें। इसके बाद ठंडा करके मिक्सी में पीसकर इसका मुलायम पेस्ट तैयार कर लें। इसके बाद कड़ाही में तेल या घी गर्म करके उसमें जीरा डालें। जीरा चटकने के बाद इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें हरी मिर्च और तैयार किया हुआ पालक का पेस्ट डालकर कुछ मिनट तक पकाएं। पालक की खुशबू आने लगे तो इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक मिलाएं। मसाले अच्छी तरह पक जाने के बाद इसमें पहले से तैयार चावल डालें और हल्के हाथों से मिलाएं ताकि चावल के दाने टूटें नहीं।