बेमेतरा जिले के नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पूर्व माध्यमिक शाला मिडिल स्कूल मरका से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पदस्थ एक गणित के शिक्षक हरजीत अनंत पिछले तीन सालों से अपनी मर्जी से नौकरी कर रहे हैं और बिना स्कूल जाए उनके नाम पर हर महीने सैलरी निकल रही है। स्कूल के छात्रों ने बताया कि शिक्षक हरजीत अनंत अपनी इच्छा के अनुसार स्कूल आते-जाते हैं। गणित विषय के शिक्षक होने के बावजूद वे कभी नहीं पढ़ाते हैं। पढ़ाने की पूरी जिम्मेदारी स्कूल के अन्य शिक्षकों पर डाल रखी है, जबकि वे खुद सिर्फ समय काटने और घूमने में व्यस्त रहते हैं। हैरानी की बात यह है कि उपस्थिति रजिस्टर में उनकी पूरे महीने की हाजिरी और हस्ताक्षर दर्ज मिलते हैं। स्कूल के अन्य शिक्षक भी इस शिक्षक की हरकतों से बेहद परेशान हैं, लेकिन विभागीय खौफ या अन्य कारणों के चलते वे सामने आने से इंकार कर रहे हैं। इतना ही नहीं यह पूरा मामला शिक्षा विभाग के अधिकारियों DEO, BEO, CSC और ABEO को भी पता है, इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।