'आदिपुरुष' मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी, देश से माफी मांगता हूं : मनोज मुंतशिर

Posted on: 2026-07-25


hamabani image

फिल्म 'आदिपुरुष' की रिलीज के तीन साल बाद इसके संवाद लेखक मनोज मुंतशिर ने पहली बार खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। हालिया एक इंटरव्यू में उन्होंने फिल्म को अपने करियर की सबसे बड़ी गलती बताते हुए स्वीकार किया कि इसके संवादों और फिल्म का बचाव करना उनसे हुई बड़ी भूल थी।

उन्होंने कहा कि फिल्म को लेकर जो विवाद हुआ और जिस तरह दर्शकों की भावनाएं आहत हुईं, उसके लिए उन्हें गहरा अफसोस है। मनोज ने कहा, "'आदिपुरुष' मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी और उसका बचाव करना उससे भी बड़ी गलती थी। जो कुछ भी हुआ, उसके लिए मैं इस देश से हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं।"

मनोज मुंतशिर ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि फिल्म को लेकर हो रही आलोचना समय के साथ कम हो जाएगी, लेकिन दो दिन के भीतर ही उन्हें अपनी गलती का एहसास हो गया। उन्होंने कहा कि जब वह आज पीछे मुड़कर देखते हैं तो उन्हें अपने लिखे संवादों पर शर्मिंदगी महसूस होती है। उनके मुताबिक, वह आज भी नहीं समझ पाते कि उन्होंने उस समय ऐसे संवाद कैसे लिख दिए। उन्होंने माना कि दर्शकों की नाराजगी पूरी तरह जायज थी और उन्हें उस आलोचना से बहुत कुछ सीखने को मिला।

ओम राउत के निर्देशन में बनी 'आदिपुरुष' जून 2023 में रिलीज हुई थी। प्रभास, कृति सैनन और सैफ अली खान अभिनीत यह फिल्म रामायण पर आधारित थी, लेकिन इसके संवादों और भगवान हनुमान व रावण के चित्रण को लेकर देशभर में विवाद खड़ा हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद निर्माताओं ने कुछ संवादों में बदलाव भी किया, लेकिन दर्शकों की नाराजगी कम नहीं हुई। हाल ही में फिल्म में सीता की भूमिका निभाने वाली कृति सैनन ने भी कहा था कि फिल्म को मिली आलोचना से उन्हें गहरा दुख पहुंचा था।