प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में मंत्रियों की बैठक, मानसून सत्र की रणनीति पर चर्चा

Posted on: 2026-07-30


hamabani image

लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे के चलते कार्यवाही गुरुवार दोपहर 02 बजे तक स्थगित होने के बीच संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में वरिष्ठ मंत्रियों की अहम बैठक चल रही है। जिसमें संसदीय रणनीति और आगामी विधायी एजेंडे पर चर्चा हो रही है।

सूत्रों ने बताया कि बैठक में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, निर्मला सीतारमण, किरेन रिजिजू, जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद हैं। इसके अलावा सरकार के कई अन्य वरिष्ठ मंत्री भी बैठक में शामिल हैं। बैठक का मुख्य एजेंडा संसद की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने और महत्वपूर्ण विधायी कार्यों को आगे बढ़ाने की रणनीति तय करना है।

गौरतलब है कि मानसून सत्र लगातार विपक्ष की नारेबाजी और विरोध प्रदर्शनों के कारण बाधित हो रहा है। गुरुवार को भी प्रश्नपत्र लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने सरकार को घेरते हुए सदन में हंगामा किया। विपक्ष ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की मौजूदगी की मांग की, जिसके चलते दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर तक स्थगित करनी पड़ी।

बैठक में संसदीय रणनीति पर विचार-विमर्श के साथ विपक्ष के विरोध का सामना करने और विधेयकों को पारित कराने की योजना पर मंथन किया जा रहा है। बैठक के बाद कुछ अहम फैसले की संभावना जताई जा रही है।