नई दिल्ली, 04 अगस्त ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद हुए थे। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज फिलहाल बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार भी पिछले सत्र के दौरान हरे निशान में बंद होने में सफल रहे। वहीं एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।
पश्चिम एशिया में ईरान के साथ समझौता हो जाने की उम्मीद की वजह से अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार तेजी का रुख बना रहा। एस एंड पी 500 इंडेक्स 110.78 अंक यानी 1.48 प्रतिशत उछल कर 7,600.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 540.04 अंक यानी 2.13 प्रतिशत की जबरदस्त छलांग लगा कर 25,913.90 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 151.99 अंक यानी 2.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 53,330.40 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार मे भी पिछले सत्र के दौरान तेजी का रुख बना रहा। सीएसी इंडेक्स 104.18 अंक यानी 1.21 प्रतिशत की मजबूती के साथ 8,613.82 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह डीएएक्स इंडेक्स ने 372.07 अंक यानी 1.43 प्रतिशत की छलांग लगा कर 26,001.31 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं ब्रिटेन के फाइनेंशियल टाइम्स स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से एफटीएसई इंडेक्स में पिछले सत्र के दौरान कोई हलचल नहीं रही।
एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक कमजोरी के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.58 प्रतिशत की मजबूती के साथ 6,270.48 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.30 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,629.18 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.16 प्रतिशत उछल कर 3,815.59 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,623.36 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.04 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 24,656 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 43,335.92 अंक के स्तर पर आ गया है। कोस्पी इंडेक्स में बड़ी गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 1.08 प्रतिशत फिसल कर 6,190.06 अंक के स्तर तक पहुंच गया है। इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स 98.40 अंक यानी 0.38 प्रतिशत टूट कर 25,911 अंक के स्तर पर और निक्केई इंडेक्स 202.90 अंक यानी 0.32 प्रतिशत लुढ़क कर 63,552 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।