नई दिल्ली, 06 अगस्त । देश की सबसे बड़ी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की जीवन बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे का ऐलान कर दिया है। पहली तिमाही में एलआईसी का शुद्ध लाभ यानी मुनाफा 23 फीसदी बढ़कर 13,492 करोड़ रुपये हो गया।
एलआईसी ने गुरुवार को शेयर बाजारों को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष 202627 की पहली तिमाही में मुनाफा 23 फीसदी बढ़कर 13,492 करोड़ रुपये रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 की समान अवधि में एलआईसी को 10,987 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। इस दौरान उसकी कुल आय बढ़कर 2,37,848 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान अवधि में 2,22,864 करोड़ रुपये थी। बीमा कंपनी ने बताया कि पहली बार मिलने वाले प्रीमियम आय अप्रैल-जून तिमाही में बढ़कर 9,217 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 7,525 करोड़ रुपये थी। इस दौरान नवीकरण प्रीमियम से आय बढ़कर 61,833 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक वर्ष पहले यह 59,885 करोड़ रुपये थी।
एलआईसी ने बताया कि अप्रैल-जून तिमाही के दौरान एकल प्रीमियम से आय भी बढ़कर 56,369 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में 51,923 करोड़ रुपये थी। इसके परिणामस्वरूप कंपनी की शुद्ध प्रीमियम आय बढ़कर 1,27,250 करोड़ रुपये हो गई है, जो एक साल पहले की समान अवधि में 1,19,200 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने कहा कि हालांकि, कुल खर्च भी बढ़कर 2,25,573 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में 2,11,928 करोड़ रुपये था। इस दौरान एलआईसी की बीमा दावों के निपटान की क्षमता (सॉल्वेंसी) अनुपात सुधरकर 2.42 गुना हो गया है, जो एक वर्ष पहले की समान तिमाही में 2.17 गुना था।