यात्री वाहनों की थोक बिक्री जुलाई में 34.3 प्रतिशत बढ़कर 4,57,810 इकाई हुई : सियाम

Posted on: 2026-08-13


hamabani image

नई दिल्ली, 13 अगस्त । भारत में ऑटोमोबाइल उद्योग पश्चिम एशिया में जारी संकट के बावजूद पूरी रफ्तार से दौड़ रहा है। जुलाई में वाहनों की बिक्री अब तक के सबसे उच्चतम स्तर पर रही है। इसमें यात्री, दोपहिया और तिपहिया वाहनों का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा है, जिससे घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री जुलाई में सालाना आधार पर 34.3 फीसदी का उछाल आया है।

उद्योग संगठन सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने गुरुवार को आंकड़ों के जरिये बताया कि घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री जुलाई में सालाना आधार पर 34.3 फीसदी बढ़कर 4,57,810 इकाई पर पहुंच गई। यात्री वाहनों की थोक बिक्री जुलाई, 2025 में 3,40,772 इकाई रही थी। इसी तरह जुलाई महीने में कुल दोपहिया वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 22.6 फीसदी बढ़कर 19,23,483 इकाई रही, जबकि जुलाई 2025 में यह 15,69,120 इकाई रही थी। तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री भी जुलाई में 33.4 फीसदी बढ़कर 92,560 इकाई हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 69,403 इकाई थी।

वाहनों की प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए सियाम के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन ने कहा कि इंडस्ट्री ने जुलाई में अब तक की सबसे अच्छी बिक्री दर्ज की है, जिसमें सभी सेगमेंट में व्यापक स्तर पर वृद्धि देखी गई। उन्होंने कहा कि कई महीनों से जारी ये सकारात्मक गति फेस्टिव सीजन में भी बनी हुई है। मेनन ने कहा कि उम्मीद है कि मजबूत कंज्यूमर सेंटीमेंट से मांग को सपोर्ट मिलेगा।