1100 फीट लंबे तिरंगे के साथ धमतरी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश

Posted on: 2026-08-13


hamabani image

धमतरी, 13 अगस्त । राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 13 अगस्त को धमतरी शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सुबह 11 बजे म्युनिसिपल स्कूल से शुरू हुई यात्रा में महापौर नगर निगम रामू रोहरा, जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, ठाकुर शशि पवार, तिरंगा यात्रा संयोजक चेतन हिन्दुजा एवं रोहिताश मिश्रा, नगर निगम के पार्षद, एल्डरमेन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। यात्रा ने ‘तिरंगे के सम्मान में एकजुट भारत’ का संदेश दिया।

म्युनिसिपल स्कूल से निकली यात्रा कोडुमल धर्मशाला, बजरंग चौक, शिव चौक, दुर्गा चौक बनियापारा, कचहरी चौक, गांधी चौक एवं गणेश चौक होते हुए गौशाला मैदान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों और राष्ट्रीय एकता के संदेशों से शहर का वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा। यात्रा का प्रमुख आकर्षण स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा हाथों में थामा गया 1100 फीट से अधिक लंबा तिरंगा रहा। विशाल तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते विद्यार्थियों और नागरिकों ने एकता, अखंडता और देशभक्ति का जीवंत संदेश दिया। शहर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने कहा कि, तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, गौरव, त्याग, संघर्ष और एकता का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिनके त्याग और संघर्ष से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने और नागरिकों को राष्ट्रीय एकता के सूत्र में बांधने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता, स्वच्छता, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिकता की भावना के साथ शहर और देश को और मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।