Posted on:
बलरामपुर, 15 अगस्त। बलरामपुर जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान पूरा परिसर ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद सुबह 9 बजे मुख्य अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद सांसद ने कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के साथ परेड का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ा
ध्वजारोहण के बाद सांसद चिंतामणि महाराज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम प्रेषित संदेश पढ़कर सुनाया। इसके बाद तिरंगे के प्रतीक रंगों वाले गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। समारोह में मौजूद लोगों ने तालियों और देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्साह मनाया।
बलिदान परिवारों सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने जिले के शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। सांसद ने शहीद परिवारों को साल और श्रीफल भेंट कर उनके त्याग और बलिदान को नमन किया।
इस दौरान श्रीलंका शांति सेना में बलिदान स्व. लाजरूस मिंज, नक्सली मुठभेड़ में बलिदान स्व. नबोर कुजूर, रानीबोदली बीजापुर में नक्सली मुठभेड़ में बलिदान स्व. महेश पैकरा, नक्सली मुठभेड़ में बलिदान स्व. अनिल खलखो, नारायणपुर बस्तर में बलिदान स्व. मनाज रूल, थाना पांकी जिला तालेहार में उग्रवादी मुठभेड़ में बलिदान स्व. मसीह भूषण लकड़ा तथा सियाचिन ग्लेशियर में बलिदान स्व. रामसाय भगत के परिवारों को सम्मानित किया गया।
परेड में दिखा अनुशासन और देशभक्ति
मुख्य समारोह में पुलिस और विभिन्न संस्थानों के जवानों एवं विद्यार्थियों ने अनुशासित परेड प्रस्तुत की। बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, रेड क्रॉस सोसायटी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, आर.एन. पाण्डेय, प्रमोद गुप्ता, चेतन बोरघरिया, अभिषेक गुप्ता, नगरपालिका अध्यक्ष लोधीराम एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, उपाध्यक्ष बबली देवी, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष भानू प्रकाश दीक्षित सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।