ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच छात्रों की आवाजाही को बढ़ावा देने तथा शिक्षा के क्षेत्र में साझेदारी को गहरा करने के मकसद से 22 सदस्यों वाला ऑस्ट्रेलियाई उच्च शिक्षा प्रतिनिधिमंडल पुणे पहुंचा है। इस संबंध में अधिकारियों ने बताया कि ऑस्ट्रेलियाई सरकार की व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने वाली एजेंसी ‘ऑस्ट्रेलियन ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट कमीशन’ (ऑस्ट्रेड) के नेतृत्व में इस प्रतिनिधिमंडल ने पिछले दो दिनों में पुणे के विश्वविद्यालयों और स्कूलों के साथ बातचीत की। यह बातचीत ऑस्ट्रेड के ‘हायर एजुकेशन वीक 2026’ का हिस्सा थी।
भारतीय छात्रों की आकांक्षाओं को समझने और संस्थागत संबंध मजबूत करने का प्रयास
सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, इन मुलाकातों का मकसद भारतीय छात्रों की बदलती आकांक्षाओं को समझना, एकेडमिक सहयोग और छात्रों के लिए आगे बढ़ने के रास्तों (स्टूडेंट पाथवेज) का पता लगाना तथा ऑस्ट्रेलिया व भारत के शिक्षण संस्थानों के बीच संस्थागत संबंध मजबूत करना था।
ऑस्ट्रेड के व्यापार और निवेश आयुक्त विक सिंह ने कहा कि भारत ऑस्ट्रेलिया के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और मूल्यवान साझेदार है। उन्होंने कहा, “पुणे में हमारी यह पहल छात्रों और संस्थानों की बात सुनने, उनकी आकांक्षाओं को समझने और यह पता लगाने का एक मौका है कि कैसे ऑस्ट्रेलियाई और भारतीय शिक्षण संस्थान आपस में मजबूत संबंध बना सकते हैं। हम चाहते हैं कि छात्र ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ पढ़ाई की जगह के तौर पर न देखें, बल्कि एक ऐसी जगह के तौर पर देखें जहां वे विश्व-स्तरीय शिक्षा, व्यावहारिक अनुभव और ग्लोबल करियर के मौकों के जरिए अपने भविष्य को संवार सकें।”
शिक्षा के मौकों की प्रस्तुति और संभावित साझेदारी पर चर्चा
प्रतिनिधिमंडल ने अलग-अलग विषयों और करियर के रास्तों में भारतीय छात्रों के लिए ऑस्ट्रेलिया में शिक्षा के मौकों और सुविधाओं को पेश किया तथा छात्रों को वहाँ पढ़ाई के मौकों के बारे में जानने के लिए आमंत्रित किया। इसने पुणे के शिक्षण संस्थानों के साथ संभावित एकेडमिक साझेदारी, छात्रों के लिए आगे बढ़ने के रास्तों और पाठ्यक्रम से जुड़े सहयोग पर भी चर्चा की।
मुंबई में IC3 कॉन्फ्रेंस में भागीदारी
विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुणे के बाद प्रतिनिधिमंडल मंगलवार और बुधवार को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होने वाले ‘10वें सालाना IC3 कॉन्फ्रेंस और एक्सपो’ में हिस्सा लेगा। इसमें कहा गया है कि ऑस्ट्रेलिया अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए प्रमुख जगहों में से एक है और वहाँ के विश्वविद्यालय शिक्षा की गुणवत्ता, छात्रों के अनुभव और एकेडमिक प्रतिष्ठा के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं।
ऑस्ट्रेड की भूमिका
ऑस्ट्रेड व्यापार और निवेश से जुड़ी सेवाएं, बाजार की जानकारी और अहम बातें उपलब्ध कराता है तथा अपने ग्लोबल नेटवर्क के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापारिक संबंध बनाने में मदद करता है। विज्ञप्ति में आगे कहा गया है कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑस्ट्रेलियाई शिक्षा को बढ़ावा देता है और ऑस्ट्रेलियाई शिक्षा प्रदाताओं की वैश्विक प्रासंगिकता, व्यावहारिकता और गुणवत्ता को उजागर करता है, साथ ही इनोवेशन, क्रिएटिविटी और भविष्य के लिए तैयार करने वाली शिक्षा पर उनके जोर को भी सामने लाता है।