ओम बिरला के साथ केंद्रीय मंत्रियों ने गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर किया नमन

Posted on: 2026-08-19


hamabani image

नई दिल्ली, 19 अगस्त। महाकवि एवं भक्त शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्रियों के साथ प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने उन्हें नमन किया। उन्होंने लोकभाषा के माध्यम से भक्ति को जन-जन तक पहुंचाने और भगवान श्रीराम के आदर्शों को भारतीय जनमानस के जीवन-मूल्यों से जोड़ने वाले तुलसीदास के योगदान को याद किया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने तुलसीदास को नमन करते हुए कहा कि उनकी अमर रचना ‘श्रीरामचरितमानस’ में मर्यादा, करुणा, त्याग, सत्य, कर्तव्य और धर्म का ऐसा समन्वय है, जो हर युग में मनुष्य को जीवन की सही दिशा दिखाता है। उन्होंने कहा कि तुलसीदास ने संस्कृत की गूढ़ आध्यात्मिक चेतना को लोकभाषा की सरलता और सरसता में ढालकर भक्ति को जन-जन तक पहुंचाया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तुलसीदास की पंक्तियां “जा पर कृपा राम की होई, ता पर कृपा करहिं सब कोई” साझा करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि ‘श्रीरामचरितमानस’ के माध्यम से तुलसीदास ने सत्य, मर्यादा, करुणा, कर्तव्य और लोककल्याण की राह दिखाई।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तुलसीदास को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी कृतियां भारतीय संस्कृति की अमूल्य विरासत हैं और आने वाली पीढ़ियों को लोककल्याण तथा मर्यादित जीवन की प्रेरणा देती रहेंगी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि तुलसीदास ने सरल और प्रभावी शब्दों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया। उनकी अमर रचनाएं आज भी करोड़ों लोगों को मर्यादा, सदाचार और आदर्श जीवन की प्रेरणा देती हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने “राम नाम मनिदीप धरु जीह देहरीं द्वार” की चौपाई साझा करते हुए तुलसीदास को नमन किया और प्रदेशवासियों को जयंती की बधाई दी। उन्होंने कहा कि तुलसीदास की दिव्य कृतियों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों, सनातन संस्कृति और भारतीय जीवन-मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने “रामहि केवल प्रेमु पिआरा” का उल्लेख करते हुए कहा कि तुलसीदास ने भक्ति को लोकमंगल से, आस्था को आचरण से तथा धर्म को कर्तव्य और मर्यादा से जोड़ा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी महाकवि को श्रद्धापूर्वक याद किया।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गोस्वामी तुलसीदास को नमन करते हुए कहा कि उनकी रचनाओं ने सनातन धर्म की महानता और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।