कांकेर, 20 अगस्त जिले के कोयलीबेड़ा विकासखंड अंतर्गत पेनकोडो ग्राम पंचायत को पी.वी.-75 मार्ग से जोड़ने वाली सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने और मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश में स्थिति और भी गंभीर हो गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका है।
सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर पेनकोडो के सरपंच सूरज कड़ियां के नेतृत्व में आज गुरूवार काे ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों ने सड़क की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
ग्राम पंचायत पेनकोडो के सरपंच सूरज कड़ियां ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि पी.वी.-75 मार्ग से पेनकोडो को जोड़ने वाली क्षतिग्रस्त सड़क का जल्द निरीक्षण कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए और सड़क की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क का सुधार होने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी और मरीजों, स्कूली बच्चों, किसानों तथा अन्य ग्रामीणों को काफी सुविधा होगी।