जिले के छुरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम केशोटोला में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सूर्य सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री किरण वैष्णव एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती फूलबासन बाई सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री यादव ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक परिवारों से अपने घरों में सौर पैनल स्थापित कराने की अपील की। उन्होंने योजना के अंतर्गत पंजीयन की प्रक्रिया, वेंडर चयन, बैंक ऋण की प्रक्रिया, केंद्र एवं राज्य शासन से मिलने वाली सब्सिडी तथा सौर संयंत्र स्थापना के बाद बिजली बिल की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कलेक्टर ने ग्रामीणों को बताया कि सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने से परिवारों के मासिक बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आती है और पर्याप्त विद्युत उत्पादन होने पर बिजली बिल शून्य तक हो सकता है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक हितग्राहियों को पंजीयन से लेकर ऋण एवं स्थापना तक आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती फूलबासन यादव ने भी ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने तथा अधिक से अधिक घरों में सौर पैनल लगवाने की अपील की। उन्होंने सौर ऊर्जा को परिवारों के लिए आर्थिक बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत वेंडर के रूप में पंजीकृत सोलर दीदी श्रीमती धनेश्वरी मंडावी से भी चर्चा की तथा उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने श्रीमती मंडावी को अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से जोडऩे और सौर संयंत्र स्थापित कराने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने संबंधित बैंक एवं विभागीय अधिकारियों को सोलर दीदी को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए, ताकि पंजीयन, ऋण प्रक्रिया एवं संयंत्र स्थापना के कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
सूर्य सभा में विद्युत विभाग एवं बैंक के अधिकारी भी उपस्थित थे। ग्रामीणों द्वारा योजना, ऋण प्रक्रिया, बिजली बिल, सौर संयंत्र स्थापना एवं अन्य विषयों को लेकर पूछे गए प्रश्नों का अधिकारियों ने मौके पर ही समाधान किया तथा उनकी शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का निराकरण किया। इससे ग्रामीणों को योजना की प्रक्रिया एवं लाभों को बेहतर ढंग से समझने में सहायता मिली। सूर्य सभा के दौरान जिले में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की अद्यतन प्रगति की जानकारी भी साझा की गई। जिले में अब तक 10 हजार 698 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 10 हजार 477 हितग्राहियों द्वारा वेंडर चयन किया जा चुका है। अब तक 5 हजार 36 घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं तथा 3 हजार 575 हितग्राहियों को सब्सिडी का भुगतान किया जा चुका है।
कलेक्टर श्री यादव ने संबंधित अधिकारियों, बैंकों एवं वेंडरों को आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों में तेजी लाने तथा पात्र हितग्राहियों को शीघ्र योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से भी आगे आकर योजना का लाभ लेने और अन्य लोगों को इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।