भारत के 19 वर्षीय ग्रैंडमास्टर प्रणेश एम ने प्रतिष्ठित कनिज़ा ओपन 2026 शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप ए का खिताब अपने नाम किया। हंगरी के नागीकनिज़ा में आयोजित टूर्नामेंट के नौवें और अंतिम दौर में प्रणेश ने सफेद मोहरों से खेलते हुए जर्मनी के वादिम पेट्रोव्स्की को हराया। प्रणेश की रेटिंग 2673 है और अगस्त 2026 की नवीनतम फिडे रैंकिंग में वे 44वें स्थान पर हैं।
तमिलनाडु के कराईकुडी के प्रणेश एम ने नौ राउंड में सात अंक हासिल किए और तीन अन्य खिलाड़ियों के साथ शीर्ष स्थान साझा किया। उन्होंने इज़रायल के ओर ब्रोंस्टीन, यूक्रेन के आंद्रेई वोलोकितिन और भारत के कार्तिक वेंकटरमन के साथ बेहतर टाईब्रेक के आधार पर खिताब जीता। हंगरी में भारतीय दूतावास ने प्रणेश को खिताब जीतने पर बधाई दी।