सर्जियो गोर ने वाणिज्यिक अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत-अमेरिका सहयोग पर जोर दिया

Posted on: 2026-09-07


hamabani image

बेंगलुरु, 07 सितंबर  भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने वाणिज्यिक अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत और अमेरिका के बीच सहयोग तथा अवसरों को और विस्तार देने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

उन्होंने सोमवार को बेंगलुरु में आयोजित बेंगलुरु स्पेस एक्सपो में अमेरिकी पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वाणिज्यिक अंतरिक्ष क्षेत्र में अमेरिका की क्षमता और नेतृत्व को प्रदर्शित करने का अवसर मिलना महत्वपूर्ण है। गोर ने कहा कि उपग्रह एकीकरण से लेकर उन्नत तकनीकों तक अमेरिकी नवाचार नए बाजारों के द्वार खोल रहे हैं। इससे वैश्विक वाणिज्यिक विकास को गति मिलने के साथ-साथ उच्च मूल्य वाले अमेरिकी निर्यात को भी बढ़ावा मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष अब केवल राष्ट्रीय गौरव का विषय नहीं रह गया है बल्कि यह 21वीं सदी की वैश्विक अर्थव्यवस्था का प्रमुख इंजन बन चुका है। गोर के अनुसार, भारत और अमेरिका के वाणिज्यिक अंतरिक्ष क्षेत्रों में नवाचार को बढ़ावा देने, महत्वपूर्ण आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने तथा दोनों देशों के वाणिज्यिक अंतरिक्ष क्षेत्रों के लिए नए अवसरों का विस्तार करने में ट्रस्ट पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।