हाट-बाजारों में लगे हेलमेट स्टॉल, डिंडो साप्ताहिक बाजार में चार ग्रामीणों ने स्वप्रेरणा से खरीदे हेलमेट

Posted on: 2026-09-07


hamabani image

सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और दो पहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिला परिवहन अधिकारी द्वारा जिले के प्रमुख हाट-बाजारों में स्थानीय मोटरसायकल डीलरों के सहयोग से अस्थायी हेलमेट शॉप संचालित की जा रही है। इसी क्रम में रामचंद्रपुर के डिंडो साप्ताहिक बाजार में लगे स्टॉल से चार वाहन चालकों ने स्वप्रेरणा से हेलमेट खरीदे। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के जोखिम से स्वयं को सुरक्षित रखने के लिए वे इस पहल से जुड़े और हेलमेट लेकर अपने परिवार के भविष्य को भी सुरक्षित किया।
साप्ताहिक बाजार ग्रामीण अंचल के आवागमन का प्रमुख केंद्र होते हैं, ऐसे में यहां स्टॉल लगने से दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को मानक गुणवत्ता वाले हेलमेट सहजता से उपलब्ध हो रहे हैं और उन्हें शहर तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही। इनके माध्यम से वाहन चालकों को हेलमेट के अनिवार्य उपयोग तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग ने सभी दो पहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट का उपयोग करें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था के निर्माण में सहयोग दें।