नई दिल्ली, 11 सितंबर । भारत में आयोजित हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता एवं सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने बदलते वैश्विक परिदृश्य में बेहद महत्वपूर्ण मंच बताया। त्रिवेदी ने शुक्रवार को एक वीडियो सन्देश में कहा कि पिछले 12 वर्षों में ब्रिक्स में भारत की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। कभी समूह की कमजोर और महत्वहीन कड़ी माने जाने वाला भारत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ब्रिक्स की महत्वपूर्ण और मजबूत कड़ियों में शामिल है।
त्रिवेदी ने कहा कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में लगातार युद्ध और संघर्ष चल रहे हैं। ऐसे समय में ब्रिक्स जैसे वैश्विक मंच की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है। भारत द्वारा इस सम्मेलन की मेजबानी करना देश के लिए गर्व की बात है। ब्रिक्स में शामिल देश दुनिया की करीब 50 प्रतिशत आबादी और लगभग 40 प्रतिशत वैश्विक जीडीपी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में इस मंच पर होने वाली चर्चाओं और लिए जाने वाले फैसलों का वैश्विक स्तर पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है।
भाजपा प्रवक्ता त्रिवेदी के मुताबिक, सम्मेलन में आर्थिक विकास और कारोबारी अवसरों के साथ-साथ कृषि, जेनेटिक्स, स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच भारत की मेजबानी में होने वाला यह शिखर सम्मेलन सकारात्मक और प्रभावी भूमिका निभाएगा।
त्रिवेदी ने कहा कि ब्रिक्स के बदलते स्वरूप में भारत की बढ़ती भूमिका देश की मजबूत होती वैश्विक स्थिति को दर्शाती है। मोदी के नेतृत्व में भारत अन्य सदस्य देशों के साथ मिलकर वैश्विक चुनौतियों से निपटने और सहयोग के नए अवसर तलाशने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।