गुंटूर-नंबूर के बीच 108 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा चार लेन का आरओबी

Posted on: 2026-09-26


hamabani image

गुंटूर, 26 सितंबर। आंध्र प्रदेश के गुंटूर शहर में रेल फाटक संख्या तीन को हटाने और यातायात सुगम बनाने के लिए गुंटूर और नंबूर रेलवे स्टेशनों के बीच 108 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन वाले सड़क ऊपरी पुल (आरओबी) का शनिवार को शिलान्यास किया गया।

केंद्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री पेम्मासानी चंद्रशेखर ने इस परियोजना की आधारशिला रखी। रेलवे के अनुसार, 668 मीटर लंबे इस आरओबी की पूरी लागत रेल मंत्रालय वहन करेगा।

यह पुल गुंटूर-नंबूर रेलखंड के गुंटूर-कृष्णा नहर खंड स्थित समपार फाटक संख्या तीन का स्थान लेगा। गुंटूर शहर के इनर रिंग रोड के निकट बनने वाला यह पुल बस स्टैंड रोड को गोरंटला गांव से सीधे जोड़ेगा। परियोजना के लिए 2.9 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी और निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

सोमन्ना ने कहा कि भारतीय रेलवे में यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और समपार फाटकों को आरओबी तथा आरयूबी से बदलना सुरक्षित एवं आधुनिक रेल ढांचे की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इससे वाहनों के फाटक पर रुकने का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी और रेलगाड़ियों के समयबद्ध संचालन में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में रेल बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण का काम तेज गति से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के 74 रेलवे स्टेशनों को भी करीब 3,500 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है।

पेम्मासानी चंद्रशेखर ने कहा कि केंद्र सरकार आंध्र प्रदेश में परिवहन बुनियादी ढांचे के तेजी से विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के विभागों के बीच बेहतर समन्वय से गुंटूर क्षेत्र में सड़क और रेल परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे लंबे समय से चली आ रही यातायात संबंधी समस्याओं का समाधान होगा।