पेट्रोल के दाम 5 रुपये बढ़े, डीजल हो गया इतने रुपये महंगा, सबसे बड़ी प्राइवेट तेल कंपनी ने दिया महंगाई का झटका, चेक करें ताजा भाव

Posted on: 2026-10-03


hamabani image

देश में पेट्रोल और डीजल महंगा हो गया है. पेट्रोल के दाम 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ गए हैं. देश की सबसे बड़ी निजी तेल मार्केटिंग कपनी नायरा एनर्जी (Nayara Energy) ने आज शनिवार, 3 अक्‍टूबर को महंगाई का झटका दिया है. कंपनी ने तत्‍काल प्रभाव से देशभर के अपने पेट्रोल पंपों पर बढ़ी हुई कीमतें लागू कर दी है. 

समाचार एजेंसी PTI ने इस मामले की जानकारी रखनेवाले सूत्रों के हवाले से ये खबर दी है. इसने बताया कि देशभर में नायरा एनर्जी के 7 हजार से ज्‍यादा पेट्रोल पंपों पर खुदरा पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए गए हैं. 

पेट्रोल-डीजल के ताजा भाव

पेट्रोल-डीजल के दाम में ताजा बढ़ोतरी के बाद नायरा एनर्जी के 7,108 पेट्रोल पंपों पर तेल महंगा हो गया है. इस बढ़ोतरी के बाद भोपाल में नायरा एनर्जी का पेट्रोल 119.54 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल 103.64 रुपये प्रति लीटर हो गया है.  

हालांकि सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम अभी नहीं बढ़ाए हैं. इंडियन ऑयल (Indian Oil), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्‍तान पेट्रोलियम (HPCL) के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल अभी भी पुरानी दरों पर मिल रहे हैं. 

मार्च में भी कंपनी ने बढ़ाए थे दाम 

कंपनी ने इसी साल मार्च में भी पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए थे. इसने 26 मार्च को पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी. इसके बाद सरकारी तेल कंपनियों ने भी मई में पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी शुरू की थी. 

ये पश्चिम एशिया में ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल के युद्ध के चलते पैदा हुए होर्मूज संकट और कच्‍चे तेल के दाम में बढ़ोतरी का असर था.

हालांकि बाद में जब कच्‍चे तेल की कीमतों में थोड़ी नरमी आई तो नायरा एनर्जी ने मार्च वाली बढ़ोतरी को वापस ले लिया था और पेट्रोल-डीजल के दाम कम कर दिए थे. 

क्‍या नायरा एनर्जी ने आधिकारिक ऐलान किया? 

PTI के मुताबिक, देश भर में 7,108 पेट्रोल पंपों का संचालन करने वाली नायरा ने शनिवार के शुरुआती घंटों से पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा दीं. खबर लिखे जाने तक इस संबंध में नायरा एनर्जी के प्रवक्ता को भेजे गए ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला था.