हॉलमार्क देखकर भी न खाएं धोखा! 5 साल से देश की 81% सोने की दुकानों की नहीं हुई जांच

Posted on: 2026-11-17


hamabani image

क्या आप भी सिर्फ 'हॉलमार्क' का निशान देखकर आंख मूंदकर सोना खरीद लेते हैं? अगर हां, तो जरा संभल जाइए. भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की एक ड्राफ्ट ऑडिट रिपोर्ट ने ज्वैलरी बाजार की निगरानी को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले पांच सालों में देश की 81 फीसदी से ज्यादा ज्वैलरी दुकानों का भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने एक बार भी निरीक्षण नहीं किया है. यानी आपकी गाढ़ी कमाई से खरीदा जा रहा सोना कितना खरा है, इसकी सरकारी जांच में बड़ी चूक सामने आई है.

नियमों के हिसाब से, BIS या हॉलमार्किंग सेंटरों को साल में कम से कम एक बार लाइसेंस धारक सुनारों की दुकान पर जाकर जांच करनी होती है. लेकिन देश के 392 जिलों में फैले 1,565 हॉलमार्किंग सेंटर और 2.32 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड ज्वैलर्स होने के बावजूद, 81% से अधिक दुकानों पर कोई जांच नहीं हुई. इसके अलावा देश में चांदी की जांच के लिए 327 मान्यता प्राप्त केंद्र हैं. जब इस लापरवाही पर सवाल उठा, तो BIS ने कर्मचारियों और सुविधाओं की कमी का हवाला दिया, जिसे CAG ने सिरे से खारिज कर दिया है

ज्वैलरी इंडस्ट्री के दिग्गजों ने भी इस ढिलाई पर चिंता जताई है. ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल (GJC) के पूर्व चेयरमैन नितिन खंडेलवाल ने आशंका जताई है कि निगरानी की कमी के चलते 6 अंकों के यूनिक HUID कोड की डुप्लीकेसी (नकल) भी हो सकती है. वहीं, रोकड़े ज्वैलर्स के राजेश रोकड़े ने बताया कि अनिवार्य हॉलमार्किंग अभी देश के सिर्फ 50% जिलों को ही कवर करती है. GJC की मांग है कि हॉलमार्किंग को बिक्री के पहले चरण के बजाय अंतिम चरण (ग्राहक को बेचते समय) पर अनिवार्य किया जाए