कश्मीर घाटी में लश्कर का आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ भट मारा गया: अमित शाह

Posted on: 2026-11-18


hamabani image

नई दिल्ली, 18 नवंबर   केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया है। उन्होंने उसे कश्मीर घाटी में लश्कर का आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकवादी बताया।

अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और खुफिया एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से बुधवार तड़के कुलगाम में अभियान चलाकर लतीफ भट को मार गिराया गया। उसका एक आतंकवादी सहयोगी उमर निसार भी इससे एक दिन पहले कुलगाम में मारा गया था। उन्होंने कहा कि पूरा अभियान सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहद उच्च स्तर के तालमेल का उदाहरण रहा।

गृह मंत्री ने इस अभियान में शामिल जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के जवानों के साहस की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके शौर्य को सलाम करता है।

इस बीच, कश्मीर जोन पुलिस ने बुधवार सुबह ‘एक्स’ पर बताया कि मुठभेड़ स्थल से मारे गए एक आतंकवादी का शव और हथियार बरामद किया गया है। मारे गए आतंकवादी की पहचान कुलगाम के ख्रेवां निवासी मोहम्मद लतीफ भट के रूप में की गई है।

सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह ने भी अभियान के बाद जवानों को बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “बधाई हो दोस्तों। कुछ व्यंजन ठंडे परोसे जाने पर ही बेहतर लगते हैं, ठंडे मौसम में भी।”

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय लतीफ भट पहले बढ़ई का काम करता था और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह 11 नवंबर को कुलगाम में सीआरपीएफ के एक जांच नाके पर हुए हमले में कथित रूप से शामिल था, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे।

बताया जाता है कि अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने लतीफ भट को आत्मसमर्पण करने के कई अवसर दिए। उसे वीडियो कॉल के जरिए भी समझाने का प्रयास किया गया लेकिन उसके आत्मसमर्पण नहीं करने पर सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की। वह एक मस्जिद में छिपा हुआ था, जहां से उसे बाहर निकालने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल भी किया गया।