'ईठा' में श्रद्धा की मेहनत देख भावुक हुए शक्ति कपूर, बेटी की लगन पर जताया गर्व

Posted on: 2026-11-20


hamabani image

मुंबई, 20 नवंबर  अभिनेता शक्ति कपूर अपनी बेटी श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म 'ईठा' को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने फिल्म में श्रद्धा की मेहनत और समर्पण की खुलकर तारीफ की है।

शक्ति कपूर के मुताबिक, श्रद्धा ने अपने किरदार को वास्तविक रूप देने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी और पूरी शिद्दत से काम किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म की तैयारी के दौरान लगातार अभ्यास और मेहनत के कारण श्रद्धा के पैरों में सूजन तक आ जाती थी। इसके बावजूद उन्होंने अपने काम के प्रति पूरा समर्पण बनाए रखा।

शक्ति कपूर ने कहा कि जिंदगी में परेशानियां और तनाव आते रहते हैं, लेकिन मुश्किल वक्त में वह भगवान से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें बस 'ईठा' देखने का मौका मिले। उन्होंने श्रद्धा की तारीफ करते हुए कहा कि बेटी उनके लिए भगवान का रूप है। वह भले ही कम फिल्में करती हैं, लेकिन जिस भी प्रोजेक्ट का हिस्सा बनती हैं, उसमें अपना दिल और जान लगा देती हैं। फिल्म में श्रद्धा मराठी लोक कलाकार का किरदार निभा रही हैं। शक्ति कपूर ने इस भूमिका के लिए उनकी मेहनत पर गर्व जताया।

मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले बनी 'ईठा' को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म के ट्रेलर को अच्छी प्रतिक्रिया मिली है, वहीं इसका पहला गाना 'जी जी रे जी' भी चर्चा में है। लावणी की पारंपरिक कला और उसकी ऊर्जा को दर्शाता यह गीत फिल्म के प्रति दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा रहा है। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।