रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच दोनों देशों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। रूस ने यूक्रेन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उसकी ओर से रूसी क्षेत्रों और महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमले जारी रखे गए, तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। रूस की इस चेतावनी से दोनों देशों के बीच पहले से जारी सैन्य टकराव और बढ़ने की आशंका पैदा हो गई है। रूस लंबे समय से यूक्रेन पर अपने सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाने का आरोप लगाता रहा है। वहीं, यूक्रेन का कहना है कि वह रूसी हमलों का जवाब देने और अपनी संप्रभुता की रक्षा करने के लिए सैन्य कार्रवाई कर रहा है। इस पूरे घटनाक्रम ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता बढ़ा दी है।
ताजा घटनाक्रम में रूस की नाराजगी की एक बड़ी वजह लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर रूसी जहाजों को निशाना बनाया जाना है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने दावा किया कि यूक्रेनी सेना ने रूसी नौसैनिक जहाज मर्करी और हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले एक मालवाहक जहाज पर हमला किया। रूस ने इन घटनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूसी रक्षा मंत्रालय इस मामले को देख रहा है और जरूरत पड़ने पर विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन के खिलाफ रूसी सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी। रूस ने इन हमलों को तनाव बढ़ाने वाला कदम बताया हैरूस और यूक्रेन के बीच तनाव केवल युद्धक्षेत्र तक सीमित नहीं है। बाल्टिक सागर में भी हालिया घटनाओं ने सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ा दी हैं। 22 नवंबर को रूसी मालवाहक जहाज स्पार्टा-2 में ड्रोन हमले के बाद आग लगने की खबर सामने आई। यह जहाज अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में था और बाद में फिनलैंड के जलक्षेत्र की ओर बह गया। फिनलैंड के सीमा रक्षकों ने आग बुझाने में मदद की। रूस ने इस घटना को बेहद खतरनाक घटनाक्रम बताते हुए क्षेत्र में तनाव बढ़ने की आशंका जताई। मॉस्को ने बाल्टिक देशों से भी यूक्रेन पर ऐसी गतिविधियां रोकने के लिए प्रभाव डालने की अपील की है