बल्लेबाज ने जड़ा जोरदार शॉट, स्टेडियम के बाहर पहुंची गेंद

Posted on: 2026-11-26


hamabani image

क्रिकेट के मैदान पर आपने बल्लेबाजों को लंबे-लंबे छक्के लगाते और दर्शकों को गेंद लपकते हुए तो कई बार देखा होगा, लेकिन क्या किसी बाइक सवार को सड़क पर चलते हुए एक हाथ से शानदार कैच पकड़ते देखा है? सोशल मीडिया पर इन दिनों ऐसा ही एक तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें बल्लेबाज के जोरदार शॉट के बाद गेंद स्टेडियम से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंच जाती है. तभी वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार ऐसा कैच पकड़ता है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया.

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि गेंदबाज के गेंद डालते ही बल्लेबाज जोरदार हवाई शॉट खेलता है. गेंद इतनी दूर जाती है कि मैदान और स्टेडियम की सीमा पार कर सड़क तक पहुंच जाती है. इसी दौरान सड़क पर बाइक से गुजर रहे एक शख्स की नजर गेंद पर पड़ती है. वह बिना रुके एक हाथ से गेंद को लपक लेता है. उसका यह शानदार कैच देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह जाते हैं.

इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर क्रिकेट से जुड़ी पोस्ट साझा करने वाले मुफद्दल वोहरा ने शेयर किया है. उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'भीड़ में पकड़ा गया सबसे हैरान कर देने वाला कैच!' वीडियो सामने आने के बाद से ही क्रिकेट फैंस इस बाइक सवार की तारीफ कर रहे हैं.

सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के मुताबिक, यह वीडियो पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की स्वात घाटी का है. स्वात नदी के किनारे बसी यह खूबसूरत घाटी अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर है. इसे अक्सर 'पाकिस्तान का स्विट्जरलैंड' भी कहा जाता है. यह इस्लामाबाद से करीब 160 किलोमीटर दूर स्थित है.